जमशेदपुर : परसूडीह थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त मो औरंगजेब उर्फ सोनू उर्फ लुला को पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे मकदमपुर रोड नंबर-02, गांधी स्कूल के पास स्थित उसके घर से दबोचा. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारी विगत 09 सितंबर को दर्ज कांड के सिलसिले में की गई है, जिसे थाना प्रभारी अविनाश कुमार के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था. इस मामले में पहले ही पांच अभियुक्त, अरविंद शर्मा, सन्नी स्वांसी, तौफीक आलम, मो शब्बीर हुसैन और मो दिनांक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है. वहीं, सोनू उर्फ लुला उस समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.
थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त औरंगजेब का आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी परसूडीह थाना से संबंधित कांड में जेल जा चुका है. उन्होंने बताया कि कांड के अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा. इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है.




