जमशेदपुर:ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी शनिवार को जमशेदपुर पहुंची. जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज इस ट्रॉफी का प्रदर्शन किया जा रहा है. यह प्रदर्शनी शाम 6.30 बजे तक रहेगी जिसे देखने के लिए लोग उमड़ रहे हैं.मौके पर जमशेदपुर के नवल टाटा हॉकी अकादमी और टाटा स्टील के अलावा जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अधिकारी समेत हॉकी के खिलाड़ी मौजूद थे. इस हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी पड़ोसी राज्य ओड़िशा कर रहा है. 13 से 29 जनवरी 2023 तक चलने वाले इस वर्ल्ड कप के सारे मैच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाने वाले हैं. इस दौरान टाटा स्टील के स्पोर्ट्स हेड आशीष कुमार ने बताया कि ओडिशा में होने वाले वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पूरे भारत में भ्रमणशील है. आज यह ट्रॉफी जमशेदपुर पहुंची है जहां जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इसकी प्रदर्शनी लगाई गई है. लोग शाम 6.30 बजे तक ट्रॉफी को देख सकते है.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि यह एक गौरवशील क्षण है. भारत फिर से उसी गौरवशाली परंपरा को वापस लाने की कोशिश में है जो पूर्व में हुआ करती थी. इस ट्रॉफी को राज्य और शहर में ले जाया जा रहा है ताकि लोग इस ट्रॉफी को देखकर हॉकी के प्रति उत्साहित हों और बच्चों में हॉकी के प्रति दीवानगी बढ़े.मौके पर मौजूद भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि हम सब का सौभाग्य है कि टाटा स्टील और नवल टाटा हॉकी अकादमी के सौजन्य से यह ट्रॉफी आज जमशेदपुर पहुंची है. ये अत्यंत गौरवशाली पल है है जब भारत इस वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है. उन्होंने टाटा स्टील के खेलो इंडिया प्रोग्राम का धन्यवाद दिया.



