जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा बस्ती निवासी बिट्टू रवानी के तीन दिन के नवजात बेटे की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि एमजीएम अस्पताल में बीसीजी का टीका लगाए जाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे नवजात को बीसीजी टीका दिलाने के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया था. करीब 11:15 बजे बच्चे को टीका लगाया गया. परिजन बच्चे को घर लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उन्हें बच्चे की धड़कन महसूस नहीं हुई और रंग नीला पड़ गया. आनन-फानन में दोपहर करीब 3 बजे बच्चे को एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजन टीका लगाने वाली नर्स को सामने लाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर पूर्व भाजपा नेता एवं समाजसेवी विकास सिंह भी समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे. विकास सिंह ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही वे अस्पताल जाकर नवजात को देखकर आए थे और बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था. ऐसे में अचानक हुई मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. परिजनों ने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. वहीं विकास सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत जिले के उपायुक्त और सिविल सर्जन से भी की जाएगी.







