जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर की एक युवती के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है. पीड़िता ने गोविंदपुर थाना में पति, ससुरालवालों और सौतन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, छोटा गोविंदपुर कैलाशनगर की रहने वाली युवती शिवानी की शादी बिहार के दरभंगा जिले के बहेरी थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी अनिल कुमार राज से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध था. प्रेम प्रसंग के आधार पर 11 मई 2024 को दोनों ने शादी की थी. शादी के समय अनिल ने अपनी जाति छिपाई थी और खुद को अविवाहित बताया था. शिवानी ने बताया कि जब वह शादी के बाद ससुराल पहुंची तो उसे पता चला कि अनिल पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी संगीता देवी उसी घर में रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद शिवानी के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गयी. ससुरालवालों ने उससे दहेज में मोटी रकम की मांग की. दहेज नहीं देने पर उसे अक्सर गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा. पीड़िता ने बताया कि उसके पति अनिल कुमार राज, ससुर बीर बहादुर पासवान, सास अनिता राज, देवर सुनील कुमार और सौतन संगीता देवी लगातार उसे तंग करते रहे. विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया. इसके बाद शिवानी अपने मायके लौट आई और गोविंदपुर थाना में सभी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थानेदार के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जल्द ही सभी को नोटिस भेजा जाएगा. पुलिस प्रेम संबंध, शादी की सच्चाई और दहेज मांग के पहलुओं की जांच कर रही है.














