
जमशेदपुर : जमशेदपुर उपायुक्त सूरज कुमार ने मानवता की मिशाल पेश की है. जहां शनिवार देर शाम जिला मुख्यालय से आवास लौटने के क्रम में उपायुक्त की नजर जुबिली पार्क गेट के समीप सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला और उसकी एक साल की बच्ची पर पड़ी. तत्काल उपायुक्त ने गाड़ी रुकवा दिया और दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. वहीं उपायुक्त काफी देर तक वहां रुककर लोगों से घटना के संबंध में जानकारी भी एकत्रित करते नजर आए. वैसे इस दौरान लोगों की भारी भीड़ लग गई थी. बताया जाता है कि घायल परिवार किसी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिष्टुपुर की ओर जा रहा था. इसी क्रम में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने इन्हें टक्कर मार दी थी. जिसके बाद मां- बेटी घायल हो गयी थी. हालांकि बाइक चला रहे महिला के पति को चोटें नहीं आयी. वे बाल- बाल बच गए.





