जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मानगो गुरुद्वारा बस्ती निवासी राहुल बच्चा के रूप में हुई है. घटना डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार लाइन के पास हुई. गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में उसके दोस्त अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. एहतियातन अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे राहुल अपनी स्प्लेंडर बाइक पर बैठा था. इसी दौरान 20 से 30 युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोली चलाई, फिर पत्थर और डंडों से भी हमला किया. (नीचे भी पढ़ें)
बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्तों को भी धमकाया गया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. मृतक के दोस्तों का आरोप है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद है. उनका दावा है कि राहुल और शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी साहिब सिंह उर्फ सब्बे एक ही युवती से बातचीत करते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि दो दिन पहले राहुल को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. घटना की सूचना पर मानगो और बिष्टुपुर थाना पुलिस के साथ सिटी एसपी, डीएसपी मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.







