जमशेदपुर : मानगो नगर निगम ने मानगो में ओल्ड पुरुलिया रोड चेपापुल से होते हुए न्यू पुरुलिया रोड में नगर निगम के दफ्तर तक दुकानों में छापामारी अभियान चलाया. मंगलवार को चले इस अभियान में कई दुकानों में छापामारी की गई. इस दौरान छह दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं गुटखा बरामद हुआ.(नीचे भी पढ़ें)
इनमें से दो दुकानों में प्रतिबंधित गुटखा मिला. एक दुकान में 4 पैकेट गुटखा मिला, जबकि दूसरी दुकान में इससे कम गुटखा मिला. इन दुकानदारों से 7800 रुपये जुर्माना वसूला गया है. मानगो नगर निगम के नगर प्रबंधक दिलेश्वर यादव ने बताया कि नगर निगम का यह अभियान लगातार जारी है. रोज दुकानों में छापामारी होती है और जिन दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक या गुटखा पकड़ा जाता है, उन पर कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला जाता है. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें. उन्होंने बताया कि मंगलवार को लगभग 2 दर्जन से अधिक दुकानों में छापामारी की गई. लेकिन अधिकांश दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक या गुटखा नहीं मिला. अब लोग प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग छोड़ रहे हैं.



