
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी युवा मंच की स्टील सिटी सुरभि शाखा की ओर से सोमवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया. इस धार्मिक यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने स्वर्णरेखा नदी से जल उठाकर श्री श्री साकची शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. (नीचे भी पढ़ें)

यह कावड़ यात्रा ऐतिहासिक रहा. इसे भव्य रुप से आयोजन किया गया था. इस कांवड़ यात्रा में मारवाड़ी समाज की एकता और अनुशासन का भव्य रूप देखने को मिला. स्वर्णरेखा नदी मानगो से जल लेकर पुराना कोर्ट से बंगाल क्लब साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए 2.5 किलोमीटर की यात्रा में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. कावड़ यात्रा में छोटे बच्चों सहित महिलाएं एवं पुरुष भक्तों ने बोलबम के जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. कांवड़ यात्रा में रथ पर सवार शिव परिवार की झांकी एवं मां काली , राधा कृष्ण, भूत प्रेत की झांकी, द्वादश ज्योतिलिंग से सजी हुई कावड़ आकर्षण का केंद्र बनी. जिसे देखने के लिए सड़क के दोनों ओर जगह-जगह महिलाओं, पुरुषों व बच्चों की भीड़ लगी रही. विभिन्न जगहों पर कांवड़ यात्रा में मौजूद शिवभक्तों पर इत्र एवं पुष्पों की वर्षा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

साकची शिव मंदिर पहुँचने पर सभी भक्तों ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जलार्पण किया एवं महाआरती के पश्चात सभी ने प्रसाद के रूप में फलाहार किया. यात्रा में सांसद विद्युत वरण महतो भी हिस्सा लिया. कांवड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में धर्म की स्थापना होती हैं. उन्होंने बताया कि मारवाड़ी समाज हमेशा धर्म के कामों में आगे रहता है और मारवाड़ी समाज के साथ हमेशा खड़े रहेंगें. जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने बताया कि ये कांवड़ यात्रा भक्ति के साथ-साथ मारवाड़ी समाज की एकता का परिचय भी है. कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव सीए विवेक चौधरी और धन्यवाद ज्ञापन जिला कोषाध्यक्ष मोहित शाह ने किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारी एवं सदस्य, सुरभि शाखा की सचिव कविता अग्रवाल एवं सदस्य, श्री श्री साकची शिव मंदिर कमिटी, टाटानगर बासुकीनाथ काँवरिया मंडली(DDM) के सुरेश हरनाथक एवं सदस्य, मारवाड़ी सम्मेलन के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य, पुरुषोत्तम देबुका, मनोज कांवटिया, नागरिक सुरक्षा की टीम एवं जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा.















