जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने व्यवसायियों से रंगदारी मांगने के आरोपी को 72 घंटे के भीतर कोलकाता से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्त में आये युवक का नाम बंटी गुहा है. पुलिस ने युवक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि बीते 5 जुलाई को वादी अमित चावला ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 91556 93181 के जरिये सोनू सिंह के नाम से किसी ने उनसे रंगदारी की मांग की है. बताया कि उनके अन्य पड़ोसी दुकानदार मोहन प्रसाद एवं विवेक झा से भी रंगदारी की मांग की गई है. उनके लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करते हुए तफ्तीश शुरू की गई. तफ्तीश के क्रम में पता चला कि उक्त मोबाइल धारक कोलकाता में है, जिसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को देते हुए एक टीम को कोलकाता भेजा गया. टीम 72 घंटे के भीतर बंटी गुहा नामक युवक को, जो परसुडीह थाना अंतर्गत गोल पहाड़ी का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर शहर लाई.(नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि शहर के करीब 25 दुकानदारों एवं व्यवसायियों को फोन कर सोनू सिंह के नाम से रंगदारी की मांग की गई थी. बताया गया कि आरोपी ने सीतारामडेरा थाना एवं जुगसलाई थाना क्षेत्र के कुछ दुकानदारों से रंगदारी की रकम वसूल भी की है. पूछताछ के बाद पुलिस ने बंटी गुहा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जा रहा है कि बंटी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ जमशेदपुर के कदमा, टेल्को, साकची, जुगसलाई, बिष्टुपुर एवं सीतारामडेरा थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. छापामार दल में थाना प्रभारी रंजीत कुमार, एएसआइ रवि रंजन कुमार, पंकज कुमार तिवारी एवं चालक सुनील कुमार पांडे शामिल थे.



