जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच परसुडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान सोपोडेरा निवासी अरविंद शर्मा उर्फ कैंडी उर्फ छोटू (23) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार शनिवार को परसुडीह थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर वाहन के कागजात की मांग की. आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. जांच के दौरान पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरविंद शर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है. वह सितंबर 2025 में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
उस समय परसुडीह स्थित संत रॉबर्ट स्कूल के पीछे मैदान के पास पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें अरविंद भी शामिल था. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि उसका संबंध किसी बड़े या अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह से हो सकता है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितनी मोटरसाइकिलों की चोरी की है और चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.







