जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के मद्देनजर जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शनिवार को गोलमुरी पुलिस लाइन में पुलिस द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें दंगा नियंत्रण (राइट कंट्रोल) का अभ्यास किया गया. इस ड्रिल में सामान्य पुलिस बल के साथ आर्म्ड पार्टी और लाठी पार्टी के जवानों ने भी हिस्सा लिया. अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमों ने भीड़ का रूप लेकर आपात् स्थिति का माहौल बनाया ताकि ऐसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारी की जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पूजा एवं पर्व-त्योहारों के दौरान अक्सर भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना या आपात् स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को पहले से तैयार रखना इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य है. अभ्यास के दौरान वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहन समेत अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर उनकी कार्यक्षमता भी जांची गई. साथ ही, आपात स्थिति में इन संसाधनों का तेजी से और सही तरीके से इस्तेमाल करने का अभ्यास किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना और शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि आम लोगों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.




