
जमशेदपुर : झारखंड के डीजीपी एमवी राव महिलाओं के लिए वाट्सएप नंबर और तमाम चीजों की शुरुआत कर रहे है तो उनके प्रयासों की हवा थानेदार निकाल दे रहे है. ऐसा ही वाक्या जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में घटी है.ह जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिंह के खिलाफ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने सिटी एसपी से मिलकर शिकायत की है. महिला कांग्रेस ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाया कि थाना प्रभारी महिलाओं के साथ न्याय नहीं करते. महिला द्वारा शिकायत के बाद पकड़े गए आरोपी को थाना से ही छोड़ दिया गया. इस मामले में सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. घटना के संबंध में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष उषा यादव ने बताया कि उनकी पार्टी की एक कार्यकर्ता को कुछ दिनों से किसी अज्ञात द्वारा फोन और मैसेज कर परेशान किया जा रहा था, उक्त युवक कार्यकर्ता को गंदी-गंदी मैसेज कर रहा था. कई बार युवक को समझाया भी गया पर फिर भी वह मैसेज करता रहा. तंग आकर इसकी शिकायत बागबेड़ा थाना में की गई. 11 नवंबर को पुलिस ने उस युवक को पकड़ भी लिया था पर बाद में उसे छोड़ दिया गया. इस मामले में जब थाना प्रभारी से पूछा तो उसने कुछ जवाब नहीं दिया. महिला कांग्रेस ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई और युवक की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होने फोन नहीं उठाया.








