
पोटका: विधायक संजीव सरदार के पहल पर प्रखंड के तेंतला पंचायत के तेतला(रिसोर्ट के पास) तथा माटकू पंचायत के तिलाईडीह चौक में हेल्थ कम कम्युनिटी पार्क का निर्माण किया जाएगा. इस संबंध में विधायक द्वारा निदेशक पंचायती राज, झारखंड सरकार को पत्र प्रेषित कर अनुशंसा किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों विशेषकर वृद्धजनों, महिलाओं, बच्चों व युवाओं के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे पार्कों की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि यह न केवल लोगों के शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देगा बल्कि सामुदायिक मेलजोल, सामाजिक समरसता को भी सशक्त बनाएगा.(नीचे भी पढ़े)

विधायक के अनुशंसा पर पंचायती राज विभाग द्वारा जिला परिषद पूर्वी सिंहभूम के कार्यपालक अधिकारी सह डीडीसी ने जमीन उपलब्ध कराने हेतु अंचल अधिकारी पोटका को आवश्यक निर्देश दिया. निर्देश के आलोक में पोटका की अंचलाधिकारी निकीता बाला ने सोमवार को तेंतला और तिलाईडीह चौक पहुंचकर जमीन का सीमांकन कराया एवं इस संबंध में प्रतिवेदन सौंपा है. ग्रामीण क्षेत्र तेंतला और तिलाईडीह में हेल्थ कम कम्युनिटी सेंटर निर्माण होने से नागरिकों को वाकिंग, मनोरंजन सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी. ऐसे ही दो हेल्थ कम कम्युनिटी पार्क निर्माण की अनुशंसा जमशेदपुर प्रखंड के कीताडीह व बागबेड़ा के लिए भी विधायक द्वारा किया गया है.



