जमशेदपुर: मानसून के दौरान शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिस जवानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ब्रह्मानंद अस्पताल की ओर से शनिवार को साकची स्थित सिटी कंट्रोल रूम (सीसीआर) परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) की मौजूदगी में ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के बीच उच्च गुणवत्ता वाले रेनकोट का वितरण किया गया. अस्पताल प्रबंधन की इस पहल के तहत ट्रैफिक पुलिस बल, टैंगो मोबाइल के गश्ती जवानों तथा शक्ति कमांडो के पुलिसकर्मियों को रेनकोट उपलब्ध कराए गए. इन जवानों की जिम्मेदारी हर मौसम में शहर की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की होती है. (नीचे भी पढ़ें)
लगातार बारिश के बीच ड्यूटी के दौरान उन्हें होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह पहल की गई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने ब्रह्मानंद अस्पताल के इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुलिस जवान कठिन और विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में रेनकोट उपलब्ध होने से बारिश के मौसम में उन्हें काफी राहत मिलेगी और वे बिना किसी असुविधा के अपनी ड्यूटी बेहतर ढंग से निभा सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर ब्रह्मानंद अस्पताल के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज और सुरक्षा व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति यह एक छोटा-सा सम्मान है. भविष्य में भी अस्पताल सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा. कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी, अस्पताल प्रबंधन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे. इस पहल की पुलिसकर्मियों ने भी सराहना करते हुए अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया.




