
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के कचरा डंप करने पर जवाहर नगर में जमकर स्थानीय लोगों ने बवाल काटा. स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया. जवाहर नगर रोड नंबर 15 में जहां घनी आबादी है वहां मानगो नगर निगम के द्वारा पूरे मानगो के कचरे को लाकर डंप किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने विकास सिंह को बताया कि मानगो नगर निगम के द्वारा दो दिन से पूरे मानगो का कचरा गाड़ी में भर के यहां डंप किया जा रहा है. कचरे से इतनी बदबू आती है कि दो दिन से खाना नहीं खा पा रहे हैं. साथ ही बगल में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी है. पूरा प्लांट भी इसके चलते प्रदूषित हो रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ओर जहां देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मानगो नगर निगम के द्वारा पूरे मानगो कचरा लाकर हमारे इलाके में डंप किया जा रहा है. भाजपा नेता विकास सिंह ने संबंधित अधिकारियों से बात की और ऐसा नहीं करने को कहा. मौके पर मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर अंशु कुमार पहुंचे और स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि दो दिन के भीतर यहां गिराया गया कचरा उठा लिया जाएगा. साथ ही नगर निगम के द्वारा अब यहां किसी प्रकार का कचरा नहीं गिराया जाएगा. इसके साथ ही प्रदूषण न फैले इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव अविलंब किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरा गिरना अगर बंद नहीं होगा, तो हम सभी बस्तीवासी पैदल उपायुक्त के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे. विकास सिंह ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी अपनी बात से मुकरेगें तो यह आंदोलन जन आंदोलन बन जाएगा. इस दौरान अमरिंदर पासवान, संदीप शर्मा, अंबिका पांडे, राहुल यादव, विश्वनाथ दत्ता, भोला पांडे, संजू देवी, मीना देवी, लक्ष्मी गोप, प्रमिला देवी, सपना देवी व अन्य लोग उपस्थित थे.



