
जमशेदपुर : एक तरफ पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी रामनवमी को लेकर शहर में कैम्प किए हुए हैं वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर के पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र माकुला में झामुमो नेता मंटू महतो से पिस्तौल के बल पर बेखौफ बदमाशों ने 40 हजार रुपये और मोबाइल की लूट कर ली. अपराधियों ने विरोध करने पर फायरिंग भी की, लेकिन गोली मिस फायर हो गई. इसके बाद बदमाशों ने झामुमो नेता और उसके साथी को पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया, जिससे सर और पैर में गंभीर चोट आई है. जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया है जहां उसका ईलाज चल रहा है. इधर मामले की जानकारी मिलते ही जुगसलाई विधानसभा के झामुमो विधायक मंगल कालिंदी समेत अन्य लोग पहुंचे. घायल से मिलकर मामले की जानकारी ली. घटना शनिवार देर रात की है. मंटू महतो बागुरदा का झामुमो पंचायत अध्यक्ष है. ईंट- गिट्टी और बालू का सप्लायर है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस को मंटू महतो ने बताया वह शनिवार रात 11 बजे घर लौट रहा था. रास्ते में 10 बदमाशों ने घेर लिया. पिस्तौल सटाकर रुपये लूट लिए. विरोध पर घायल कर दिया. विधायक ने डाक्टरों से घायल के समुचित इलाज किए जाने को कहा. इधर, पटमदा डीएसपी सुमित कुमार ने कमलपुर थाना प्रभारी से मामले की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल में हाल जानने पहुंचे जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी
जानकारी मिलते ही जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी हाल जानने अस्पताल पहुंचे और उन्हें बेड दिलाया. बेड पर गंदी चादर लगाई गई थी. इस पर मंगल कालिंदी भड़क गए और एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक से बात की. इसके बाद नर्स वार्ड में पहुंचे और चादर बदली और बेड पर अच्छी चादर लगाई. मंगल कालिंदी ने उप अधीक्षक को निर्देश दिया कि घायल मंटू महतो का बेहतर इलाज किया जाए. विधायक ने बताया कि मंटू महतो बांगुड़दा के झामुमो के पंचायत अध्यक्ष हैं. वह गिट्टी बालू सप्लाई का काम करते हैं. बीती रात वह गिट्टी बालू सप्लाई करके घर लौट रहे थे. तभी गांव के बाहर 10-12 बदमाशों ने उन्हें घेर कर उनके साथ मारपीट की. मंटू महतो बाइक से घर लौट रहे थे. उनके साथ दो लोग और थे. एक युवक बदमाशों को देखते ही भाग खड़ा हुआ, जबकि मंटू महतो और दूसरे युवक के साथ बदमाशों ने मारपीट की. दूसरे युवक को हल्की चोट आई है. उसका इलाज पटमदा में ही कराया गया. घटना की जानकारी कमलपुर थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.







