जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के चापड़ी गांव में 28 वर्षीय दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुश गोराई (27) के रूप में हुई है. वह चापड़ी गांव का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, घटना विगत 29 सितंबर को शाम करीब 5:30 बजे की है. पीड़िता की मां ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया है कि उनकी बेटी शौच के लिए गांव के मैदान की ओर गई थी. इसी दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर कथित तौर पर झाड़ी से निकलकर उसका मुंह दबा दिया और जमीन पर गिराकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया. पीड़िता के विरोध करने और चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी तब तक वहां से भाग चुका था. आरोप है कि भागने के दौरान उसने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी की मां पीड़िता के घर पहुंची और वहां उसके परिजनों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामार दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कुश गोराई को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में घाटशिला थाना में 1 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया. पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के छापामार दल में घाटशिला थाना के सह थाना प्रभारी भूषण कुमार, अनुसंधानकर्ता प्रेम कुमार निषाद, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश कुमार और घाटशिला थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.




