घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिला के जमशेदपुर अंतर्गत कदमा शास्त्रीनगर में हुए विवाद के मामले में भाजपा और हिंदूवादी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी पूर्वी सिंहभूम की ओर से गुरुवार को घाटशिला के गोपालपुर रेलवे फाटक के समीप विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया. विशाल धरना-प्रदर्शन में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा विधायक दल के नेता सह झारखंड राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी व जमशेदपुर सांसद उपस्थित रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार में लगातार हत्या, लूट, बलात्कार, भ्रष्टाचार, दिन प्रतिदिन दिन दुगनी रात चौगुनी हो रही है इस सरकार में तुष्टीकरण चरम सीमा पर है उसका जीता जागता उदाहरण लगातार राज्य में देखने को मिल रही है.(नीचे भी पढ़े)

झामुमो सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों से सभी पर्व- त्योहार पर बंदिश लगाने की साजिश कर रही है. इस दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन ने बिना जांच पड़ताल किये दर्जनों गलत धाराओं को जोड़कर निर्दोष भाजपा नेताओं एवं हिंदूवादी नेताओं को जेल भेजे दिया. घटना के लिए जिम्मेदारी लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण पूरी घटना हुई, पुलिस पर पथराव हुआ, मंदिर पर हमला हुआ. बल्कि फर्जी केस दर्ज अधिकारियों ने भाजपा नेता व हिंदुवादी कार्यकर्ताओं को जेल भेज दिया. जमशेदपुर भाजपा कार्यकर्ता के साथ प्रशासन ने जिस तरह से तानाशाही कार्रवाई की है उससे सारा शहर आक्रोशित है. कदमा मामले में ज्ञापन देने गए नेताओं को प्रशासन ने पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर जेल भेज दिया. न्याय की मांग करने वाले को जेल भेजा जाना कांग्रेस सरकार के आपातकाल की याद दिलाता है. जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रशासन ने राज्य सरकार के इशारे पर निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं को जेल में डालने का कृत्य किया है. यह पूर्वाग्रह की पराकाष्ठा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन सरकार की कठपुतली बनकर काम नहीं करें. समाज के लिए खड़े होने वाले भाजपा एवं हिंदू संगठन के नेताओं को प्रशासन ने बिना जांच किये जेल में डाल दिया और पत्थरबाजी करने वाले उपद्रवियों का स्वागत किया. जिस दिन पार्टी का आह्वान होगा भाजपा कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन के लिए तैयार है. सरकार के तुष्टिकरण के रवैये और प्रशासन के अन्याय के खिलाफ कार्यकर्ता मजबूती से तैयार खड़े हैं.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान भाजपाइयों ने हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ मत करो, हिंदुत्वादी नेताओ को जल्द रिहा करो, गलत आरोप लगाकर भाजपा नेताओं को जेल भेजना बंद करो, भाजपा जिंदाबाद, हेमंत सोरेन हाय हाय के नारे लगे. इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह बहरागोड़ा पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानन्द गोस्वामी, घाटशिला पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, पूर्व विधायक प्रत्याशी सह भाजपा युवा नेता लखन मार्डी, सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव, भाजपा नेत्री सह समाजसेवी डॉ सुनीता देवदूत सोरेन, भाजपा जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल पांडे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रंगलाल महतो, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष कौशिक कुमार, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मंटू प्रजापति, जिला परिषद सह भाजपा नेता सुभाष सिंह, सरोज महापात्रा समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.



