बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत जामशोला-डोमजुड़ी मुख्य मार्ग से कोलारामा गांव को जोड़ने वाली एकमात्र पुलिया अचानक ध्वस्त हो गई. पुलिया टूटने से गांव का मुख्य सड़क से संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिससे ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिया ध्वस्त होने की जानकारी मिलने पर सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव प्रुष्टि ने भाजपा नेता अशोक मंडल और रंजीत कारक के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर मौके से ही जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी. मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आवागमन जल्द बहाल कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पुलिया के नए सिरे से निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था और पुलिया निर्माण की मांग की है.


















