
घाटशिला : घाटशिला अनुमंडल स्थित सुरदा सेंट्रल स्कूल टाउनशिप और न्यू टाउनशिप में पिछले 5 दिनों से पानी की सप्लाई नहीं होने से टाउनशिप में रहने वालों के समक्ष नहाने और पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीण पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को घाटशिला-मुसाबनी मुख्य सड़क को कुछ घंटो के लिए जाम कर दिया। इससे सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। सड़क जाम होने की सूचना पाकर मुसाबनी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अधिकारियों से बात कर पानी की सप्लाई को पुनः चालू करवाया। (नीचे भी पढ़ें)

पानी की सप्लाई होने के बात ग्रामीण सड़क से हट गए, तब जाकर इस मार्ग पर यातायात समान्य हुआ। बता दें कि पानी सप्लाई इसलिए नहीं हो पा रही थी कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के सुरदा खान में सुरदा ग्रामसभा ने कंपनी के गेट को पिछले 5 दिनों से जाम कर रखा है। कंपनी के अंदर आवश्यक कार्य को भी बंद कर दिया गया है, जिसके कारण मजदूरों की हाजिरी कंपनी में नहीं बन रही थी। इस वजह से फिल्टर प्लांट में कार्य नहीं हो रहा है। इसी फिल्टर प्लांट से कॉलोनी में भी पानी की सप्लाई की जाती है। इस दौरान तेरी दास, सुर मुनि हेंब्रम, चांद मनी टुडू, सुखमति बेरा, राजेश सिंह, राज किशोर सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




