पोटका : हल्दीपोखर के आजाद बस्ती निवासी अंसारी परिवार में शनिवार को निकाह के लिए अजहर का बारात जमशेदपुर प्रस्थान करती. शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी. लेकिन ईश्वर को कुछ और मंजूर था. दुर्भाग्यवश दुल्हा अजहर(22) का बारात निकलने के बदले जनाजा निकला. जी हां,यह वाक्या हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत के आजाद बस्ती की है. अजहर बचपन से अपने नाना अजीमुद्दीन उर्फ बड़ा बाबू के घर पर रहकर हाट बाजार में कपड़ा बिक्री कर परिवार का भरण पोषण करता था. उसकी शादी जमशेदपुर में 13 जून को होना तय किया गया था. बीते 7 जून को अजहर कपड़े बेचने टेंपो से जादूगोड़ा हाट जा रहा था. तिलाईटाड़ बस्ती के समीप अनियंत्रित पिक वैन ने अजहर के टेंपो को जोरदार धक्का मारा. (नीचे भी पढ़े)
टक्कर से टेम्पो में सवार अजहर अंसारी व आफताब अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को टीएमएच जमशेदपुर में भर्ती कराया गया. अजहर को छाती में गहरा चोट लगने से वह कोमा में चला गया और सीसीयू में इलाजरत था. इलाज के दौरान आफताब अंसारी नाक में सर्जरी के उपरांत ठीक हुए, लेकिन शुक्रवार रात को अजहर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. अजहर के बेहतर इलाज हेतु विधायक संजीव सरदार स्वयं टीएमएच अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन को जरुरी निर्देश दिए, लेकिन अजहर को बचाया नहीं जा सका. शनिवार को जमशेदपुर के कब्रिस्तान में अजहर के शव का सुपुर्द खाक कर दिया गया. अजहर के असामयिक निधन से पुरा गांव सदमे में हैं. आखिर अजहर के बारात के दिन उसका जनाजा निकला, शायद ईश्वर को यही मंजूर था. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर केस दर्ज कर लिया है.







