बहरागोड़ा: शनिवार की शाम से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने बहरागोड़ा प्रखंड के जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. घर, दुकानें, सड़कें और पुलिया जलमग्न हो गई हैं. बाढ़ जैसी स्थिति ने लोगों को भारी संकट में डाल दिया है. प्रखंड क्षेत्र के बहरागोड़ा मुख्य बाजार, चौरंगी, मधुआबेड़ा, बामडोल, महुलडंगरी, गामारिया, साकरा, खांडामौदा, राजलाबांध, पाटपुर, मोहनपुर, केंवला, जाम्बनी, संखाभांगा, कुमारडुबी, गोपालपुर, प्रतापपुर,भालुकखुलिया,बतबती,रंगुनिया जैसे दर्जनों गांवों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है.(नीचे भी पढ़े)
कई गांवों में कच्चे मकान ढह गए हैं. लोग दिन-रात घरों से पानी निकालने के लिए मजबूर हैं. लगातार बारिश के कारण प्रखंड क्षेत्र की कई सड़कों पर बनी पुलियाएं जलमग्न हो गई हैं.बहरागोड़ा-चौरंगी मुख्य मार्ग पर एक नवनिर्मित घर के सामने बनी पार्किंग भी ढह गई है. एनएच-49 किनारे स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप में लगभग 5 फीट पानी भर गया है, जिससे वहां संचालन पूरी तरह ठप हो गया है. बारिश और जलभराव के कारण बहरागोड़ा बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रही.




