बहरागोड़ा: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बहरागोड़ा प्रखंड के पाटपुर, साकरा, डोमजूडी समेत कई पंचायतों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. बाढ़ जैसे हालात के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. खेतों में पानी भर गया है, सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है, और कई घरों में पानी घुसने की सूचना है. सूचना पाकर पूर्व विधायक व झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने रविवार को प्रभावित पंचायतों का दौरा किया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि प्रभावित गांवों में तत्काल राहत सामग्री, शेल्टर होम और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही जिन घरों के गिरने का खतरा है, वहां रहने वाले परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए.पूर्व विधायक श्री षाड़ंगी ने स्वयं ग्रामीणों के बीच खाद्य सामग्री, तिरपाल और प्लास्टिक का वितरण कर उनकी मदद की. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा यह समय साथ खड़े होने का है. प्रशासनिक अमला और हम सब मिलकर हर संभव सहायता पहुंचा रहे हैं. जरूरतमंदों को कोई तकलीफ नहीं होने दी जाएगी. इस मौके पर तपन ओझा,निर्मल दुबे,मदन मन्ना और सुमित मैती समेत अन्य उपस्थित थे. सभी कार्यकर्ताओं ने राहत वितरण कार्यों में सहयोग करते हुए प्रभावित लोगों की मदद की.




