गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के जोड़सा गांव में आगामी शनिवार, 13 सितंबर को मूल निवासी सेवा समिति द्वारा करम महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. उक्त जानकारी देते हुए आयोजन कमिटी के सदस्य मिंटू महतो ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर दो बजे से शुरू होगा. इस कार्यक्रम में करम नाच प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. करम नाच प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार दस हजार, द्वितीय पुरस्कार सात हजार और तृतीय पुरस्कार पांच हजार रुपये रखा गया है. साथ ही कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए ओड़िशा के विख्यात झुमुर शिल्पी सुलोचना देवी झुमुर ग्रुप और गुलशन झुमुर ग्रुप को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटेगी.














