गालूडीह : उल्दा पंचायत के दिगड़ी गांव में स्थापित जलमीनार से पिछले दस महीनों से जलापूर्ति ठप है. इसको लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन सौंप कर जलमीनार की मरम्मत की मांग की थी. इसके बाद विभाग द्वारा जलमीनार की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है. मालूम हो कि जलमीनार से जलापूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर जन प्रतिनिधियों से शिकायत की गई थी, पर किसी ने ध्यान नहीं दिया. उन्होंने आरोप लगाया है कि जलमीनार निर्माण के समय भारी अनियमितता बरती गई है, जिसके कारण कुछ ही दिनों में जलमीनार खराब हो गया.



