
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आदित्यपुर टोल ब्रिज से खरकई नदी में गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति कूद गया. व्यक्ति को नदी में कूदता देख नदी में नहा रहे स्थानीय युवक भी व्यक्ति को बचाने के लिए नदी में कूद गया.
हालांकि पानी गहरा होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका. सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में पाया गया कि घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने पुल से व्यक्ति का साइकिल और चप्पल बरामद किया है.

पुलिस व्यक्ति के शव को नदी से निकालने का प्रयास कर रही है. शव निकालने के बाद ही उसकी पहचान की जा सकेगी. ज्ञात हो कि बीते दिनों ही बर्मामाइंस के एक युवक ने पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. यह ब्रिज अब सुसाइड प्वाइंट के रुप में विकसित होता जा रहा है. मानगो पुल भी ऐसा ही हो गया था, लेकिन जाली लगा दिये जाने के बाद से वहां आत्महत्या रुक गयी. ऐसी ही व्यवस्था शहर के अन्य पुल पर किये जाने की जरूरत है.








