जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के संत रॉबर्ट स्कूल के समीप स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोप है कि गुलगुलिया गैंग की दो महिलाओं ने एक मासूम बच्ची को साथ लेकर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से दोनों महिलाओं को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया, लेकिन पुलिस की कथित सुस्ती के कारण उन्हें छोड़ना पड़ा. पीड़ित अमन कुमार के अनुसार घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान दोनों महिलाएं बच्ची के साथ घर में दाखिल हुईं. एक महिला बाहर निगरानी करती रही, जबकि दूसरी घर के कमरे में पहुंचकर अलमारी खोलने लगी. उसने अलमारी में रखे 500 रुपये निकाल लिए. आहट मिलने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो महिलाएं भागने लगीं. पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया. तलाशी लेने पर चोरी किए गए 500 रुपये भी उनके पास से बरामद हो गए. घटना की सूचना तत्काल परसुडीह पुलिस को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 45 मिनट तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
काफी इंतजार के बाद कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका और भीड़ बढ़ने के कारण ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को छोड़ दिया. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार आपात स्थिति में सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची. लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गिरोहों पर कार्रवाई करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.







