देवघर : बड़ी खबर झारखंड के देवघर से है, जहां मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां कांवड़ियों से भरा एक बस सड़क के किनारे खड़े सिलेंडर लदा ट्रक से टकरा गया. जिसमें 9 कांवड़ियों की मौत होने की सूचना मिल रही है. हालांकि आधिकारिक तौर पर पांच कांवड़ियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. बताया जा रहा है कि एक कांवड़िए की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई है, जबकि पांच कांवड़ियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई है. मरने वालों में बस का चालक भी शामिल है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है. प्रशासनिक महकमा युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुट गया है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह 4:00 से 5:00 बजे के बीच की है. बस में सवार कांवड़िये बाबा बैद्यनाथ धाम से पूजा कर बासुकीनाथ जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया. इस हादसे में 23 अन्य घायल हो गए हैं. जिन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया है. आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी लग गई और बस सीधे एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई. टक्कर के बाद बस तकरीबन 500 मीटर तक चलती रही और जमुनिया चौक के पास सड़क किनारे रखी ईंटों से टकरा गई. हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद बस में सवार चार लोगों की भी मौत हो गई. जबकि एक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई है. वहीं 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मोहनपुर थाना की पुलिस, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, एसडीओ रवि कुमार, सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी घटनास्थल पर पहुंचे. जिप अध्यक्ष किरण कुमारी ने कहा कि यह हादसा बस ड्राइवर की लापरवाही से हुआ है. वहीं डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है और घायलों का इलाज जारी है. सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल इलाज दिया जा रहा है. डॉक्टरों की विशेष टीम लगाई गई है. जिनकी स्थिति गंभीर है, उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है. वहीं आठ घायलों को रिम्स रेफर किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इधर घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर अपनी संवेदना प्रकट की है. उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों को घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.



