
रांची : झारखंड राज्य सहकारी बैंक के बेहतरी, उत्तरोत्तर विकास, बेहतर ग्राहक सेवा एवं कर्मचारियों के विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख से मुलाकात की. इन लोगों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मंत्री को सौंपा. इन लोगों ने मांग की कि वर्तमान में बैंक की स्थिति प्रबंधन की उदासीनता के चलते संकट के दौर से गुजर रहा है, जिसमें शाखाओं में स्टेशनरी की समस्या, हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर की समस्या, एसएमएस अलर्ट की समस्या, खराब एटीएम मशीन की समस्या सहित कई खामियों से जूझ रहा है. ऐसे में सहकारी बैंक बेहतर ग्राहक सेवा प्रदान करने में अन्य वाणिज्यिक बैंकों की तुलना में पिछड़ रहा है. बैंक के बेहतर संचालन के लिए सुनिश्चित कार्यबल के अनुपलब्धता के कारण विकास के अपेक्षित लक्ष्य को पाने में सफल नहीं हो पा रही है. मौजूदा कर्मचारी जो कार्यरत है, उन्हें वर्षों से प्रोन्नति, एसीपी/एमएसएपी, ग्रेड पे, मेडिक्लेम एवं ग्रुप इंश्योरेंस का लाभ नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में काफी निराशा व्याप्त है. बैंक के सुसंचालन के लिए विभिन्न नीतियों यथा कर्मचारियों का सर्विस रूल, ट्रांसफर पॉलिसी आदि के अभाव में कर्मचारियों को कई लाभो से वंचित होना पड़ता है. मंत्री को इन सभी तथ्यों से अवगत कराते हुए इस मामले में हस्तक्षेप कर सकारात्मक पहल करने की मांग की गई. मंत्री ने भरोसा जताया कि शीघ्र ही इस पर विचार कर सारी समस्याओं और विसंगतियों को दूर कर लिया जाएगा. इस प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष चंदन प्रसाद, महासचिव राजीव रंजन, सुबल मंडल, के रमेश राव, निखिल बंका, मुकेश कुमार, संतोष साहू सहित अन्य शामिल थे. इससे पूर्व मंत्री को एक पौधा देकर सम्मानित किया गया.




