रांची : झारखंड सरकार ने झारखंड ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल (जेटीएसी) का गठन कर दिया है. इस परिषद में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पदेन अध्यक्ष और अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा कल्याण विभाग मंत्री चमरा लिंडा को पदेन उपाध्यक्ष बनाया गया है. झारखंड विधानसभा के जनप्रतिनिधियों को इस परिषद में शामिल किया गया है, जिनमें पोटका विधायक संजीव सरदार का नाम प्रमुखता से शामिल है. उन्हें परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है, जिससे राज्य की आदिवासी नीतियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी. इसके अलावा परिषद में महेशपुर विधानसभा के विधायक प्रो स्टीफन मरांडी, शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन, जामा विधायक और पूर्व मंत्री लुइस मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला से भाजपा विधायक चंपाई सोरेन, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, खरसावां विधायक दशरथ गगराई, सुदीप गुड़िया, राम सूर्य मुंडा, राजेश कच्छप, जिगा सुसारन होरो, नमन विक्सल कोनगाड़ी, रामचंद्र सिंह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को भी सदस्य बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा जोसाई मार्डी और नारायण उरांव को मनोनीत सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. जोसाई मार्डी भी कांग्रेस के जमशेदपुर के नेता है. पूरे कोल्हान से छह लोगों को जगह दी गयी है. कुल 19 लोगों में 6 लोग कोल्हान से है, जो बताता है कि किस तरह से सरकार की नजर में कोल्हान का स्तर है. झारखंड ट्राइब्स एडवाइजरी काउंसिल का मुख्य उद्देश्य राज्य में अनुसूचित जनजातियों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए सुझाव देना और नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करना और संजीव सरदार की सक्रियता और अनुभव इस परिषद को और प्रभावी बनाने में मदद करेगा.














