
घाटशिला: श्याम परिवार घाटशिला की ओर से द्वितीय श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. जिसमें देर रात तक भजन संध्या का दिव्य माहौल बना रहा. कोलकाता और चाकुलिया के प्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. इस महोत्सव में घाटशिला, मुसाबनी, जादूगोड़ा, गालूडीह, धालभूमगढ़, चाकुलिया और जमशेदपुर से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया और भक्ति रस में सराबोर हो गए. महोत्सव की शुरुआत सांध्य 7 बजे जजमान पूजा से हुई, जिसके बाद चाकुलिया के प्रख्यात भजन गायक अमित शर्मा ने मंच संभाला. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फिर एक के बाद एक भक्तिमय भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. इसके पश्चात कोलकाता के भजन गायक निशान अग्रवाल, शुभम अग्रवाल और हर्षित अग्रवाल ने भजन संध्या की कमान संभाली. उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु अपने स्थान से उठकर भक्ति में मग्न होकर नृत्य करने लगे. महोत्सव में श्याम होली का विशेष आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के संग श्याम प्रभु के साथ होली खेली. रंगों और भजनों की इस अनोखी संगम में भक्त पूरी तरह डूब गए. इससे पूर्व, श्रद्धालुओं ने क्रमवार श्याम प्रभु की ज्योत प्रज्ज्वलित कर उनका आशीर्वाद लिया. (नीचे भी पढ़ें)

महोत्सव में कोलकाता से आए कलाकारों ने राजस्थान और हरियाणा की पारंपरिक ढप की शानदार प्रस्तुति दी. फाल्गुन माह में ढप पर गाए गए होली गीतों ने श्रद्धालुओं को पारंपरिक होली का अनुभव कराया. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने इस विशेष प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और भक्तिमय नृत्य में रम गए. महोत्सव में श्याम प्रभु का भव्य दरबार सजाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए. महोत्सव में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण की गई. इस पावन अवसर पर पावड़ा की मुखिया पार्वती मुर्मु सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए और श्याम प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया.














