कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर पद्मपुर स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली के लिए एक बार फिर कोई संवेदक सामने नहीं आया है. शुक्रवार, 9 दिसंबर को निविदा की अंतिम तिथि खत्म होने तक भी कोई संवेदन सामने नहीं आने से स्पष्ट है कि पुरानी एजेंसी मनिदीपा इंटरप्राइजेज को ही अवधि विस्तार मिलना तय है. यदि ऐसा हुआ तो मनिदीपा इंटरप्राइजेज को यह लगातार पांचवीं बार अवधि विस्तार मिलेगा. बता दें कि उक्त टोल प्लाजा के लिए वसूली की मियाद 24 सितंबर , 2021 को ही समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद अब तक कोई भी एजेंसी सामने नहीं आई है. इस से एक ही एजेंसी को अवधि विस्तार दिया जा रहा है, जिससे सरकार को नुकसान हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल सरकार द्वारा उक्त मार्ग के लिए दो साल के लिए 11.850 करोड़ का टेंडर निकाला गया है, जो पिछली बार की तुलना में कम है. शुरुआत में एक साल के लिए 5 करोड़, दूसरे साल के लिये 5.2651 करोड़ व तीसरे एवं चौथे साल के लिए 17.28 करोड़ रुपये निर्धारित किये गये थे, जिसकी मियाद पूरी हो चुकी है. इस बार विभाग द्वारा दो साल के लिए 11.8363 करोड़ की निविदा निकाली जा रही है, बावजूद कोई संवेदक इस टोल पर काम करने के लिए सामने नही आ रहा है और विभाग को मजबूरन पुरानी एजेंसी को ही सेवा विस्तार देना पड़ रहा है. सूत्रों की मानें तो एजेंसी द्वारा कम टोल वसूली दिखाकर विभाग को गुमराह किया जा रहा है, ताकि कम से कम दर पर इन्हें ही टेंडर मिल जाये, या कुछ और बात है इसकी जांच की जरूरत है.



