लातेहार : लातेहार जिले के चंदवा थाना अंतर्गत रुकैया मोड़ पर 22 नवंबर 2019 को पीसीआर वैन पर फायरिंग मामले में पुलिस ने सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर शहीदों के कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस ने इनके पास से लेवी के 5 लाख रुपए समेत 303 की गोली और अन्य सामग्री बरामद किये हैं। पकड़े गए उग्रवादियों में बैजनाथ गंजू, कुंवर गंजू, राकेश गंजू, सुनील गंजू, फगुना गंजू, संजय गंजू, और नरेश गंजू शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से रेकी करने के दौरान इस्तेमाल किए गए तीन मोटरसाइकिल को भी बरामद बरामद किया है। ये जानकारी डीआईजी एबी होमकर और लातेहार एसपी प्रशांत आनंद ने एक प्रेसवार्ता में दी। डीआईजी एवी होमकर ने बताया कि 22 नवंबर 2019 की रात पीसीआर वैन पर फायरिंग मामले में 4 जवान शहीद हो गए थे। जिसमें गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों ने रेकी करने का काम किया था साथ ही घटना वाले दिन भी यह लोग वहां मौजूद थे। 3 जनवरी को सूचना मिली थी कि कुछ उग्रवादी लातेहार के जंगलों में दिखाई दिए हैं इसी के बाद एसपी प्रशांत आनंद के नेतृत्व पर एक टीम का गठन किया गया था जिसके बाद बीते दिनों भी पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया था। जिसमें टीएसपीसी के सब जोनल कमांडर भी शामिल थे। इसके बाद भी पुलिस ने अभियान जारी रखा और अन्य उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। एबी होमकर ने कहा कि आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।







