नयी दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा को लेकर शुक्रवार को मीडिया से बात की. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नीट री-एग्जाम की नई तारीखें 21 जून घोषित की गई हैं. उन्होंने कहा कि हम इस बार कोई गड़बड़ नहीं होने देंगे. हम सभी कैंडिडेट्स को लेकर बहुत दुखी और चिंतित हैं, लेकिन देश के हित में हमें एग्जाम कैंसिल करने का फैसला लेना पड़ा.धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा 3 मई को हुई थी और 7 मई को एनटीए को शिकायत मिली कि गेस पेपर में कुछ ऐसे सवाल थे जो इस बार नीट की परीक्षा में पूछे गए थे. हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने तुरंत जांच शुरू की और इसे सरकारी एजेंसी को सौंप दिया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने राज्य की एजेंसियों से संपर्क किया और 12 मई तक, हमें कंफर्म हो गया कि गेस पेपर की आड़ में, असली एग्जाम के सवाल लीक हो गए थे. इसी वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी. हमें पता है कि यह फैसला परीक्षार्थियों को दुख पहुंचाने वाला था, लेकिन हमने उनके हित में ही यह फैसला किया. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गलत कामों के लिए हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि एनटीए एक काबिल इंसान के हाथ में है. ऐसे में एनटीए ने संकेत दिए हैं कि इस बार परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और एनटीए के अपडेट पर ही भरोसा करें. साथ ही साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीट की परीक्षा अगले साल से ऑनलाइन परीक्षा होगी.







