जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम इकाई द्वारा संचालित वैक्सीन सेन्टर में कोरोना की वैक्सीन का स्टॉक आ गया है. कोर्बोवैक्स नाम से आई इस वैक्सीन को 12 वर्ष व उससे अधिक के सभी आयु वर्ग के लोगों को दिया जा सकता है. कोविड – 19 से पहले, दूसरे व बूस्टर डोज के रूप में इसे लिया जा सकता है, चाहे पूर्व में किसी भी कोविड वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज ली हो. वैक्सीन की कीमत सरकारी निर्देश के अनुसार 385/- रुपये निर्धारित की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
रेडक्रॉस भवन में टीबी मरीजों को पोषण सहयोग वितरण शुक्रवार

पीएम टीबी फ्री इंडिया के 9वें महीने का पोषण सहयोग 14 अप्रैल को रेड क्रॉस भवन में वितरित किया जायेगा. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग देने वाले रेड क्रॉस के सहयोगी व अतिथियों द्वारा कल आयोजित कार्यक्रम में टी.बी. मरीजों को एक महीने की पौष्टिक राशन सामग्री व विटामिन की खुराक प्रदान की जायेगी. कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से आयोजित किया गया है.(नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर रेड क्रॉस का नेत्र शिविर 15 से

जमशेदपुर रेडक्रॉस की ओर से प्रत्येक सप्ताह आयोजित होनेवाला नेत्र शिविर 15 से 17 अप्रैल तक बागबेड़ा चौक स्थित राममनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जायेगा. यह शिविर जमशेदपुर आर्य समाज ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित होगा, जिसके तहत 15 अप्रैल को नेत्र रोगियों की जांच की जायेगी. 16 अप्रैल को चयनित मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जायेगा, जबकि 17 अप्रैल को ऑपरेशन कराये मरीजों की विदाई के साथ ही शिविर का समापन हो जायेगा.














