
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत नरगाडीह के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकराने के बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इधर एमजीएम में इलाज के दौरान भी दो लोगों ने दम तोड़ दिया. मृतकों में सुरेश करमाली(59), उनकी पत्नी रेणुका देवी(52), बेटी संध्या (35) और 8 माह की नतिनी मिष्टी शामिल है. वहीं इस घटना में सुरेश का बेटा प्रवीण कुमार और एक बेटी पुष्पा देवी घायल है. पुष्पा की स्थिति गंभीर होने पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया है. सभी रामगढ़ जिले के बरकाकाना के रहने वाले थे. सुरेश आर्मी में सिख रेजीमेंट में कार्यरत थे और फिलहाल आर्मी से रिटायर्ड थे. वे लोग अपने एक परिचित के गृह प्रवेश में शामिल होने रामगढ़ के बरकाकाना से बिरसानगर आ रहे थे. कार प्रवीण चला रहा था और उसके बगल वाली सीट में उसकी बहन पुष्पा बैठी थी. वे लोग सुबह 5 बजे ही घर से निकल चुके थे. रास्ते में प्रवीण की आंख लग गई जिससे कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.





