सरायकेला : सरायकेला जिले के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील कंपनी और आधुनिक पावर प्लांट की लापरवाही से चौका-कांड्रा मार्ग पर सोमवार को जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. कंपनी में मटीरियल लेकर पहुंचे सैकड़ों भारी मालवाहक वाहनों को एंट्री नहीं मिलने के कारण सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया, जिससे पूरा मार्ग घंटों जाम रहा. इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही डेंजर जोन बना हुआ है. गड्ढों से भरी सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं. कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड चालान काटने के बाद वाहनों को सड़क पर खड़ा करने भेज देते हैं, जिससे सड़क और नाले के ऊपर तक वाहन खड़े हो जाते हैं. नतीजा यह कि मार्ग संकरा होकर जानलेवा साबित हो रहा है. जाम से लोग घंटों परेशान रहे और कई बार वाहन चालकों के बीच तू-तू, मै-मै तक की नौबत आ गई. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों का कहना है कि औद्योगिक घराने सिर्फ मुनाफे की बात सोचते हैं, आम जनता की सुरक्षा उनके लिए कोई मायने नहीं रखती. पुलिस और प्रशासन भी अब तक इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं. स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर क्यों कंपनी प्रबंधन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती और कब तक जनता की जान के साथ इस तरह खिलवाड़ किया जाता रहेगा.



