चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना से महज 100 मीटर दूरी पर बस स्टैंड के पास बीती देर रात नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया. 7 से 8 की संख्या में आए हथियारबंद डकैतों ने पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में घुसकर पूरे परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और बंदूक की नोंक पर लूटपाट की. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार देर रात 7-8 नकाबपोश बदमाश घर के मुख्य रास्ते से घुस गए. (नीचे भी पढ़ें)
बदमाशों ने सबसे पहले परिवार के सभी सदस्यों को बंदूक के नोक पर बंधक बना लिया और इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे नकद और आभूषण लूट लिए. घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से लूटी आभूषण की पूरी जानकारी ली जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. थाने के इतने करीब हुई डकैती की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस गश्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं.




