
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एडवेंचर फाउंडेशन में फिर से गतिविधियां शुरू होने वाली है. आउटडोर एक्टिविटी की शुरुआत करने की घोषणा की गयी है. अब तक एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से लॉकडाउन और आने जाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए बंद किया गया था. लेकिन अब इसको फिर से खोल दिया गया है. इसके बाद 10 अक्तूबर से ट्रिपल पास चैलेंज के लिए टीम रवाना हो गयी है. 20 दिनों तक चलने वाले इस ट्रिपल पास चैलेंज में भारत में पहली महिला पर्वतारोही बछेंद्री पाल के नेतृत्व में टीम गयी है, जहां लोग दरवा पास, बाली पास और बोरासू पास जायेंगे. अंतर्राज्यीय एक्सपीडिशन के तहत प्रतिभागी डोडिताल लेक, यमुनोत्री मंदिर, रुइनसारा ताल और हर की दुन वैली का दौरा करेंगे. 4000 फीट की ऊंचा से इसकी शुरुआत होगी जो 11300 फीट की ऊंचाई पर जाकर खत्म होगी. बोरासू पास 17900 फीट पर है, जहां तक प्रतिभागी पहुंचेंगे. एवरेस्ट विजेता बछेंद्र पाल के अलावा हेमंत गुप्ता, पूनम राणा और आरएस पाल के अलावा मोहन रावत, धर्मेंद्र और रंगदेव इसमें हिस्सा ले रहे है. कोरोना का पूरा ख्याल रखते हुए सिर्फ 7 लोगों को इसमें शामिल किया गया है. इसमें कमल आइआइएम इंदौर, मालव अहमदाबाद, पूणे से अमोल, बंगलुरु से प्रिया, जयपुर से अनुराग, उत्तराखंड से सीमा तोलिया और अनिता को इसमें शामिल किया गया है. अब इसकी शुरुआत होने के बाद अक्तूबर और नवंबर में लगातार टीम पर्वतारोहन के लिए जाती रहेगी. इसमें लोग सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारकी हासिल कर सकेंगे.






