
चाईबासा : चाईबासा पुलिस पर बड़ा हमला करने के प्रयास में लगे भाकपा माओवादी के मनसूबों पर एक बार फिर पानी फिर गया है. जिला (पश्चिमी सिंहभूम) पुलिस व सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चला कर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के चार सदस्यों (नक्सलियों) को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्लसियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं. चारों की निशानदेही पर पुलिस ने गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुलादुईया से माईलपी जाने वाले कच्चे रास्ते से आठ केन बम बरामद किया, जिसे बम निरोधक दस्ते की मदद से वहीं नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा उनके पास से पुलिस ने बैनर चिटठी तथा जरूरत के अन्य सामान भी बरामद किया है. गिरफ्तार नक्सलियों में एक ने अपना नाम सेलाय सुण्डी (19) व कुन्दरूबुरू ग्राम कुईड़ा, धाना गोईलकरा निवासी तथा दूसरे ने अपना नाम बबलू पूर्ति उर्फ लोकोन (21) व टोंटो थाने क्षेत्र अंतर्गत राखटोला स्कूलसाई ग्राम हुसीपी निवासी बताया है. इनके अलावा दो नाबालिग हैं. दोनों उग्रवादियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है, जबकि दो नाबालिग उग्रवादियों को निरूद्ध कर संप्रेक्षण गृह भेजा गया है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
जिले के पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा को विभिन्न स्रोतों से गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा ( माओवादी ) संगठन के अनमोल उर्फ सुशांत एवं सोगेन अंगरिया के दस्ते के सक्रिय सदस्य सादे लिबास में गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुईड क्षेत्र में पुलिस की गतिविधि की सूचना लेने एवं दस्ता के लिए सामानों का क्रय करने के लिए घूम रहे हैं. इस सूचना की सत्यता एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए गोईलकेरा थाना क्षेत्र के कुईडा में सीआरपीएफ व चाईबासा पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. अभियान के दौरान चाईबासा पुलिस एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन की संयुक्त टीम के द्वारा कुईंडा क्षेत्र से प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ करने पर उग्रवादियों ने खुद को अनमोल उर्फ सुशांत एवं सागेन अंगरिया के दस्ता का सक्रिय सदस्य बताया. साथ ही पूर्व में आईईडी ब्लास्ट करने, पोस्टरबाजी करने, लेवी वसूलन इत्यादि कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. इस संदर्भ में गोइलकेरा थाना मामला दर्ज किया गया है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
अभियान दल में ये थे शामिल : आनन्द कुमार जेराई-कमांडेंट 60 बटालियन, नाथू सिंह मीना, सहा पुअधी सह अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर, पंकज राय-सहायक कमांडेंट, सुजीत कुमार-सहायक कमांडेंट, धीरेन्द्र पाठक-सहायक कमांडेंट, एमसी जोशी-इस्पेक्टर, कुलदीप कुमार-सोनुवा थाना प्रभारी, विकास कुमार-गोइलकेरा थाना प्रभारी, चाईबासा जिला पुलिस सीआरपीएफ 60 बटालियन की एफसीबी कम्पनी, क्यू एटीटीम एवं बीडीडीएस टीम के ब्रजप्रकाश.





