चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के द्वारा लगाए गये आइइडी ब्लास्ट की चपेट में सुरक्षाबल के तीन जवान घायल हो गये है. घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है. इस घटना में कंपनी कमांडर जी जे साइ, आपरेटर व एक जवान जख्मी हुआ है. तीनों सीआरपीएफ 197 बटालियन की डी कंपनी के जवान है. इनमें से दो जवानों को मामूली चोटे आयी है, जबकि एक जवान गंभीर रुप से घायल है. जहां विस्फोट हुआ है, वह क्षेत्र नक्सल प्रभावित माना जाता है, इसलिए उक्त स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. घटना बुधवार सुबह की है. (नीचे भी पढ़ें)
नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी है सर्च अभियान – चाईबासा में एसपी आशुतोष शेखर के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सोमवार को नक्सली संगठन के शीर्ष नेता अजय महतो और उनके दस्ता सदस्यों के सारंडा क्षेत्र में भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी, जिसको लेकर गुवा थाना के आसपास के पड़ाडी और जंगली इलाकों में सर्च अभियान शुरू किया गया है. इस दौरान मंगलवार को सुरक्षाबलों के जवानों ने टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी जंगल में एक पुरान नक्सल डंप को ध्वस्त किया था.



