
पलामू : पलामू के मेदिनीनगर प्रभारी प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश व प्रथम जिला व सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार द्वारा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सचिदानंद तिवारी के साथ शनिवार को किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार को पलामू जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया. अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार से न्यायालय द्वारा सूचीबद्ध लगभग 5 हजार मामले का सुनवाई नहीं हो सकी. वही दूर-दराज से आए लोग अपने मामलों को बिना सुनवाई कराए ही निराश होकर वापस लौट गए. इस मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सचिदानंद तिवारी उर्फ नेहरू और महासचिव सुबोध कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कहा कि किसी भी न्यायिक अधिकारी का गैर जिम्मेदाराना हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लोगों ने कहा कि पंकज कुमार पूर्व में भी अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते रहे हैं. इनका आचरण पूर्व से ही अमर्यादित रहा है. लोगों ने कहा कि किसी भी स्थिति में ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक पंकज कुमार को बर्ख़ास्त नहीं किया जाता तब तक न्यायिक कार्य का सोमवार को बहिष्कार जारी रहेगा. सभी न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए अधिवक्ताओं ने प्रभारी प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया व अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय से उन्हें अविलंब बर्खास्त करने की मांग की. अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सचिदानंद तिवारी, उपाध्यक्ष मांधारी दुबे, महासचिव सुबोध कुमार सिन्हा, जय किशोर पाठक, संयुक्त सचिव दीपक कुमार, विनोद तिवारी, शशि भूषण दुबे, संतोष कुमार पांडेय, शंकर कुमार, चितरंजन कुमार पांडेय, अनिल पांडेय, रामदेव यादव, आजाद सिंह, अजय कुमार सिंह, सुरेंद्र पांडेय, शशि शेखर दुबे, संतोष तिवारी, अजय महतो, बीना मिश्रा, संतोष कुमार दुबे समेत दर्जनों अधिवक्ता शामिल थे.







