जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में आदिवासी सेंगेल अभियान ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जुलूस निकाला और सरकार के वादाखिलाफी को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका. साकची आमबगान से जुलूस निकाला गया, जो साकची गोलचक्कर में आकर समाप्त हुआ. प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आदिवासी सेंगेल अभियान ने कहा कि राज्य सरकार सभी मामलों में धोखेबाजी और वादाखिलाफी कर रही है. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ओल चिकि में हूल संदेश देते हैं तो शिबू सोरने बंगला और उर्दू की वकालत करते हैं. साथ ही कहा कि आदिवासी समाज को बचाने के लिए सोरेन परिवार को सत्ता से उखाड़ फेंकना जरुरी हो गया हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुतला दहन और जुलूस के माध्यम से आदिवासी सेंगेल अभियान ने सरकार से जवाब मांगा है. अनुच्छेद 345 के तहत संताली भाषा को झारखंड के प्रथम राजभाषा का दर्जा, जेएमएम के एमएलए एमपी द्वारा ओल चिकि लिपि का विरोध, सीएनटी कानून का गला घोंट शहरी विकास के नाम पर लैंड बिल, स्थानीयता और नियोजन नीति, आदिवासी स्वशासन व्यवस्था, कुर्मी को आदिवासी बनाने की अनुशंसा समेत अन्य मुद्दों पर हेमंत सरकार से सवाल किया. इस अवसर पर डॉ सोमाय सोरेन, सुरेन हांसदा, सुनील मुर्मू, उदय मुर्मू, जोबारानी बास्के, मंगल पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.














