
जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां गम्हरिया थाना अंतर्गत उषा मोड़ स्थित ‘क्रॉस लिमिटेड’कंपनी के प्लांट संख्या-5 में बुधवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया. कार्यस्थल पर दो मजदूरों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक भयावह रूप धारण कर लिया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही जान चली गई. घटना करीब रात 8:00 बजे की है, जब प्लांट में रोज़ की तरह उत्पादन कार्य चल रहा था. जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर की पहचान दिनेश मुंडा के रूप में हुई है, जो बुधवार शाम लगभग 6:00 बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचा था. (नीचे देखे पूरी खबर)
उसी शिफ्ट में कार्यरत साथी मजदूर मुन्ना प्रधान के साथ किसी निजी बात को लेकर बहस शुरू हुई. शुरुआत में दोनों के बीच तकरार महज़ शब्दों तक थी, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई. आरोप है कि गुस्से में आए मुन्ना प्रधान ने पास में रखे लोहे के भारी उपकरण से दिनेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया. प्रहार इतना गंभीर था कि दिनेश मौके पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और अचेत हो गया. घटना के बाद कंपनी प्रबंधन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आनन-फानन में घायल को जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान दिनेश को मृत घोषित कर दिया. खबर मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिस्थिति का जायजा लिया. प्राथमिक पूछताछ में मजदूरों के बीच आपसी कहासुनी का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी मजदूर मुन्ना प्रधान को तत्काल हिरासत में ले लिया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजहों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने पर मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. इस घटना से प्लांट के अन्य कर्मचारियों में भी दहशत और नाराज़गी का माहौल है.


















