जमशेदपुर : नए वर्ष के जश्न के बीच जमशेदपुर में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया. साकची थाना क्षेत्र के सागर होटल के समीप देर रात करीब 12.30 बजे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (डीएल-8-सीएटी-8087) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शराब दुकान के बगल की दीवार से जोरदार टक्कर मार गई. टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के वक्त सड़क लगभग सुनसान थी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आवाज सुनकर इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सौभाग्य से हादसे के समय वहां कोई राहगीर या दुकानदार मौजूद नहीं था, अन्यथा यह दुर्घटना जानलेवा साबित हो सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया. वाहन चालक कौन था और हादसे के वक्त उसकी स्थिति क्या थी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. जांच टीम वाहन के पंजीकरण और चालक की पहचान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.नए वर्ष के मौके पर हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे उत्सव के दौरान सावधानी बरतें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि हादसों को रोका जा सके.


















