गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र के डुमकाकोचा गांव के समीप बुधवार को सातगुरूम पुल के नीचे एक पत्थर लदा हाइवा पलट गया. दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. चालक ने बताया कि वह ओडिशा से हाइवा संख्या जेएच 05 डी एच 3228 में पत्थर लोड कर बंगाल जा रहा था. इस दौरान सातगुरूम पुल के पास अचानक एक बाइक ओवरटेक करने लगा. बाइक को बचाने के चक्कर में हाइवा अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पलट गया. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. जानकारी के अनुसार गालूडीह-नरसिंगपुर रोड पर हर दिन अवैध बालू और पत्थर लदे वाहन गुजरते हैं. इसमें मुख्य रूप से हाइवा, डंपर और ट्रेक्टर प्रमुख है. इन वाहनों में मुख्य रूप से बालू और पत्थर का परिवहन होता है. ये वाहन तेजी रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे हरपल हादसे की आशंका भी बनी रहती है. लेकिन इन वाहनों पर किसी तरह की निगरानी और कार्रवाई के अभाव में ये हालात बन रहे हैं. अधिक कमाई के चक्कर में ओवरलोड वाहन भी गुजरते हैं. लेकिन खनन विभाग मौन है.














