गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघुड़िया पंचायत के डुमकाकोचा गांव के सामने जंगल के आसपास बाघ की सूचना से ग्रामीण दहशत में हैं. वन विभाग की टीम बाघ को नहीं खोज सकी है. हालांकि, डुमकाकोचा गांव के पास जंगल में बाघ के पदचिह्न जैसे निशान मिले हैं. इसके बाद ग्रामीण डरे-सहमे हैं. सूचना पर वन विभाग के वनरक्षी बलराम मुंडा श्रीकांत भकत, रंजू सोरेन और नरेश महतो डुमकाकोचा जंगल पहुंचे और बाघ के पदचिह्नों को देखा. वनरक्षी बलराम मुंडा ने पदचिह्न की जांच कर बताया कि निशान बाघ के पंजे जैसे ही लग रहे हैं. जांच के बाद विभाग ने बाघ के पंजे के निशान की पुष्टि की. पंजे के निशान मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में बाघ का खौफ है. वन विभाग आसपास वन क्षेत्र में बाघ की तलाश में जुटी हुई है. वन विभाग की टीम लगातार जंगल में घूम रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बाघ दिखे, तो इसकी सूचना दें: वन विभाग – वन विभाग के वनरक्षी बलराम मुंडा ने बताया कि पदचिह्न देखकर लगता है कि बाघ दलमा जंगल की ओर गया है. बाघ की तलाश में दलमा जंगल में ट्रैकिंग कैमरे लगाये गये हैं. लेकिन अभी तक बाघ की तस्वीर कैद नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों को बाघ दिखे, तो इसकी सूचना देने की बात कही. हालांकि, वन विभाग ने जंगल व अन्य सुनसान जगहों पर अकेले नहीं जाने की बात कही है. डुमकाकोचा जंगल में बाघ के होने के बात सामने आने से पर वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया है. ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह दी गयी है.














