जादूगोड़ा : लगातार घटते यूरेनियम उत्पादन के बीच कल शुक्रवार को यूसिल अपने चार हजार कर्मचारियों के बीच बोनस के रूप में 11 करोड़ 90 लाख रुपये वितरित करेगा. इस बाबत यूसिल के एचआर हेड राकेश कुमार ने सभी संबंधित नोटिस बोर्ड में इस आशय की सूचना चिपका दी है. मजदूर नेता श्रीनिवास सिंह ने कहा कि इस बार मजदूरों को न्यूनतम बोनस 15,000 व अधिकतम 60 हजार रुपया मिलेगा. यह सालाना बोनस अप्रैल 2026 से लेकर 31 मार्च 2027 तक का दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उधर बोनस की राशि मिलते ही दुर्गोत्सव को लेकर सुस्त पड़े जादूगोड़ा बाजार में दोबारा रौनक लौट सकती है. बाजार सजने लगा है. यहां बताते चलें कि घाटशिला से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बाबू लाल सोरेन ने वर्ष 2018 में हड़ताली यूसिल मजदूरों के आंदोलन की अगुआई कर बेसिक का 55 प्रतिशत बोनस समझौता कराया था. इसके पश्चात कम्पनी में हड़ताल टूटी और मजदूर काम पर लौटे थे. इसी समझौते के आधार पर यूसिल में हर साल बेसिक का 55 प्रतिशत बोनस के तौर पर कंपनी प्रबंधन अपने कर्मचारियों को भुगतान करती है. इस बाबत यूरेनियम कामगार यूनियन के नेता श्रीनिवास सिंह, यूसिल लेबर यूनियन महामंत्री प्रेम कुमार, सिंहभूम यूरेनियम मजदूर यूनियन महामंत्री रमेश माझी, भोगला मार्डी, सुभाष कर्मकार ने कंपनी के इस कदम का स्वागत किया है.




