
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत डिमना चौक स्थित सनशाइन इंक्लेव के सांतवे तल्ले से गिरकर मानगो शंकोसाई निवासी योगेश प्रजापति की मौत हो गई. घटना के बाद उसके सहकर्मियों ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने शव के साथ सनशाइन इंक्लेव के बाहर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. इधर सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची. हालांकि खबर लिखे जाने तक मुआवजे की बात नहीं हो पाई. परिजन शव को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. उनका कहना था की जब तक मुआवजे की बात नहीं हो जाती तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे. मृतक के सहकर्मी नवीन दीप ने बताया कि वे दोनों एक फ्लैट में काम कर रहे थे. योगेश बिल्डींग की छत पर बांस रखने गया हुआ था. अचानक से उसका पैर फिसल गया और वह सांतवें तल्ले से सीधे नीचे आ गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. फिलहाल देर रात तक मुआवजे की बात पर सहमती नहीं बन पाई .

कई घण्टे के हंगामे के बाद भाजपा नेता विकास सिंह ने मामले में हस्तक्षेप किया। इस मामले में बाद में तय हुआ कि मृतक के परिजनों को साढ़े चार लाख रुपये मुआवजा दिया जायेगा। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति बनी।







