
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जुबिली पार्क स्थित जयंती सरोवर से मछली चुराते एक चोर को फिशिंग क्लब के सदस्यों ने रंगे हाथ दबोचा उसके बाद जो हुआ उसे देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे. तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि फिशिंग क्लब के सदस्य किस तरह कानून का खुल्लम- खुल्ला उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं. जहां मछली चोरी करते पकड़े जाने पर चोर को नंगा कर फिशिंग क्लब के सदस्य पीट रहे हैं और उसका वीडियो भी बना रहे हैं.
पिट रहा चोर खुद को सोनारी के दास बस्ती का रहनेवाला बता रहा है और सीतारामडेरा के किसी कोका के कहने पर यहां मछलियों की चोरी करने आने की बात कह रहा है. मगर फिशिंग क्लब के सदस्य उसकी बेरहमी से पिटाई किए जा रहे हैं. हम चोर की पैरवी नहीं कर रहे मगर जिस तरह से कानून का मजाक उड़ाया जा रहा है हम उसकी खिलाफत कर रहे हैं. आखिर कोई कानून को कैसे हाथ मे ले सकता है. जबकि थाना महज कुछ ही दूरी पर है. हालांकि सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और कथित चोर को अपने साथ थाने ले गयी. जहां उससे पूछताछ कर रही है. वैसे इस संबंध में देर रात तक आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस ने जांच के बाद ही कुछ भी बताने की बात कही.








